पंचायत के दूसरे मीटर की सप्लाई भी काटने के आदेश जारी
नप मैहतपुर बसदेहड़ा, डाइट देहलां, बनगढ़ स्कूल ने भी नहीं जमा कराए बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। देहलां ग्राम पंचायत के तहत लगे दो विद्युत मीटरों में से एक की सप्लाई विद्युत विभाग ने काट दी है तथा दूसरे मीटर की विद्युत सप्लाई काटने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। विद्युत विभाग का कहना है कि ग्राम पंचायत के तहत लगे इन दोनों मीटरों का बिजली बिल जमा नहीं करवाया है। इससे उन्हें एक मीटर की सप्लाई काटने को विवश होना पड़ा है तथा दूसरे की सप्लाई भी जल्द काट दी जाएगी।
काटे गए एक विद्युत मीटर का बिजली बिल 68 हजार 525 रुपये लंबित है, जबकि दूसरे का बिजली बिल 53 हजार 720 रुपये बकाया है। काटे गए विद्युत मीटर का बिल 17-9-24 के बाद जमा नहीं करवाया है, जबकि दूसरे मीटर का बिल 22-11-24 के बाद जमा नहीं हुआ है। विभागीय सूत्रों ने कहा कि नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा की ओर भी 17 हजार 764 का बिजली बिल बकाया है। नगर परिषद की ओर से एक मीटर का बिल 23-12-24 को जमा हुआ, उसके बाद जमा नहीं हुआ है। डाइट देहलां की ओर से भी 4 हजार 755 रुपये का बिजली बिल बकाया है। 18-12-24 के बाद डाइट की ओर यह राशि बकाया खड़ी है। सरकारी मिडल स्कूल बनगढ़ ने भी बिजली का बिल जमा नहीं करवाया है। स्कूल की तरफ 2 हजार 186 रुपये बिजली बिल बकाया है। 16-12-24 के बाद स्कूल ने बिल जमा नहीं करवाया है।
विद्युत उपमंडल मैहतपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत देहलां सहित अन्य संस्थानों के प्रमुखों को विद्युत बिल जमा करवाने के बारे में नोटिस भेजे गए हैं, लेकिन उन्होंने बकाया बिल अभी तक जमा नहीं करवाए हैं। ग्राम पंचायत देहलां में लगे एक मीटर का कनेक्शन काट दिया गया है तथा दूसरे मीटर की सप्लाई काटने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। -सहायक अभियंता,ईं. कुशल कुमार
सामुदायिक भवन सदन वाला टोबा में लगे एक मीटर की सप्लाई विद्युत विभाग ने काटी है। पंचायत घर के मीटर में आग लगने से सप्लाई ठप हुई है। -संतोष कुमारी प्रधान ग्राम पंचायत लोअर देहलां
एक मीटर के बिल को लेकर कुछ दुविधा थी। समस्या को सुलझाकर बकाया बिजली का बिल जमा करवा दिया गया। -वर्षा चौधरी कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा