पर्ची की सात दिन तक रहेगी वैधता
फर्स्ट एड ट्रेनिंग करने वाले से 300 की जगह लिए जाएंगे 500, दांत का इलाज भी महंगा
ईसीजी के 100 रुपये, दांत निकालने के लगेंगे 50
एसडीएम गगरेट की अध्यक्षता में संपन्न हुई रोगी कल्याण की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दौलतपुर चौक में अब रोगियों की जांच के लिए 10 रुपये पर्ची शुल्क लिया जाएगा। यह निर्णय मंगलवार को नगर पंचायत हाल में संपन्न हुई रोगी कल्याण समिति की वार्षिक मीटिंग में लिया गया। इसकी अध्यक्षता गगरेट के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज पराशर ने की, जबकि रोगी कल्याण समिति के चेयरमैन एसडीएम सौमिल गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में रोगी कल्याण समिति दौलतपुर के सचिव डॉ. संदीप नरूला ने गत वर्ष का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। इसके बाद आगामी कार्यों का प्रस्ताव पेश किया। इसमें 2025-26 के लिए अनुमानित बजट 21 लाख 42 हजार 500 रुपये रखा गया। डॉ. संदीप नरूला ने वर्ष 2025-26 के दौरान सदन की ओर से तय किए जाने वाले कार्यों के प्रस्ताव सदन के समक्ष रखे। रोगी कल्याण समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि अस्पताल में अब फर्स्ट एड ट्रेनिंग करने वाले से 300 की जगह 500 रुपये लिए जाएंगे। जबकि, अस्पताल में रोजमर्रा आने वाले मरीजों को 10 रुपये का शुल्क तय किया गया। इसकी अवधि सात दिन तक रहेगी, सात दिन के बाद नई पर्ची बनेगी। इस के अलावा खून जांच के 20 रुपये, टीएलसी के 30 रुपये, ईएसआर 40, विडाल टेस्ट के 50, एक्सरे के 89.99, ईसीजी के 100 रुपये, जबकि दांत निकालने के 50 और फिलिंग के 100 रुपये लिए जाएंगे। जबकि मेडिकल सर्टिफिकेट के 200 रुपये लिए जाएंगे। मरीजों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की बात कही गई है। फैसला लिया गया कि एक प्रस्ताव विधायक राकेश कालिया से स्वीकृत करवा चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट को भेजा जाए। मंदिर ट्रस्ट से एक पूर्ण स्वचालित बायो केमिस्ट्री एनालाइजर, ब्लड सेल काउंटर ऑटोमेटिक डिपस्टिक लैब, प्रिंटर और यूपीएस के साथ कंप्यूटर रखने की मंजूरी दिलवाई जाए।
अस्पताल के विभिन्न अनुभागों में सामग्री की नियमित आपूर्ति बनाए रखने को मंजूरी दी। इस मौके पर पुराने अनुपयोगी जनरेटर को 65 किलोवाट के नए ऑटो स्टार्ट जनरेटर में बदलने को मंजूरी दी। इसे चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के माध्यम से खरीदा जाएगा।
प्रयोगशाला के लिए यूपीएस के साथ एक कंप्यूटर को मंजूरी दी। अग्निशामक यंत्रों को फिर से भरने और कर्मचारियों और मरीजों के लिए वाटर प्यूरीफायर खरीदने को मंजूरी दी। अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की मंजूरी के बारे में चर्चा की गई। जबकि फार्मेसी अनुभाग में एसी लगाने की स्वीकृति दी। इस मौके पर सदन ने अस्पताल के विभिन्न स्थानों पर छह नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मंजूरी दी गई। एसडीएम सौमिल गौतम ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने की बात कही। इस मौके पर उपस्थित नगर पंचायत सचिव को हिदायत दी कि दौलतपुर चौक में सभी खाद्य पदार्थ बेचने वाले जरूर टेस्ट करवाएं और इनके लिए अलग से जगह चिह्नित करें।