दौलतपुर चौक (ऊना)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने के बावजूद यात्री सुविधाओं का अपेक्षित विस्तार नहीं हो पाया है। स्टेशन पर एक ही प्लेटफॉर्म होने और फुट ओवरब्रिज की सुविधा नहीं होने से यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर चिंता बनी हुई है। रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है, क्योंकि चूक होने पर दुर्घटना का खतरा रहता है। स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। ऐसे में प्लेटफॉर्म तक सुरक्षित पहुंचने के लिए बेहतर व्यवस्था जरूरी है। वर्तमान में दौलतपुर रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी, हिमाचल एक्सप्रेस, जयपुर -दौलुपर चौक इंटर सिटी एक्सप्रेस सहित कुल पांच ट्रेनों की आवाजाही होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार समय की मांग है। फुट ओवरब्रिज के निर्माण और प्लेटफॉर्म व्यवस्था में सुधार से यात्रियों को राहत मिल सकती है।
दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एसएस राणा ने कहा कि फुट ओवरब्रिज और प्लेटफॉर्म का मामला उनके ध्यान में आया है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया जाएगा और उनके निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाना चाहिए। इससे यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करने करते समय संभावित दुर्घटनाओं का जोखिम कम करने में मदद मिलेगी।
-अमित कुमार, दौलतपुर चौक
ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी है। रेलवे प्रशासन को फुट ओवरब्रिज के निर्माण के साथ अतिरिक्त प्लेटफॉर्म की आवश्यकता पर भी विचार करना चाहिए।
-श्याम लाल, दौलतपुर चौक