क्षेत्र के नंगल-चंडीगढ़ रोड पर स्थित अजौली गांव में पेश आए सड़क हादसे में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए बीबीएमबी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से तीन लोगों को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार अजौली गांव में एक ट्रक की एक्टिवा और कार के साथ जबरदस्त टक्कर हो गई। घटना के दौरान ट्रक सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हादसे में एक्टिवा और कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए नंगल बीबीएमबी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में एक्टिवा सवार चंद्र मोहन निवासी रेंसरी जिला ऊना और शानू और पंकज निवासी आनंदपुर साहिब को गंभीर हालत में चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
वहीं, कार सवार घायल महिला नीलम देवी निवासी निक्कू का नंगल के बीबीएमबी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
उधर, जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं।