जिला के एक स्कूल के प्रधानाचार्य पर शिक्षिका के साथ यौन उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है।
पीड़ित शिक्षिका ने प्रधानाचार्य की हरकतों से तंग आकर मामले की शिकायत महिला सेल में दी है। महिला सेल ने पीड़िता की शिकायत पर शिक्षा विभाग को मामले की जल्द रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। उधर, शिक्षा विभाग ने मामले की जांच को कमेटी का गठन कर दिया है। जानकारी के अनुसार जिला के एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य ने एक शिक्षिका को कथित तौर पर एसीआर दुरुस्त करने की एवज में यौन संबंध बनाने का दबाव बनाया।
लोक लाज के चलते शिक्षिका ने मामले को अनदेखा कर दिया लेकिन प्रधानाचार्य अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। प्रधानाचार्य के उत्पीड़न से तंग आकर महिला शिक्षिका ने मामले की शिकायत महिला सेल में दी है जिसकी जांच जारी है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित महिला शिक्षिका की शिकायत पर शिक्षा विभाग को मामले की जांच कर फौरन रिपोर्ट प्रेषित करने के लिए कहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक भूप सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। जिसमें शिक्षा उपनिदेशक सहित दो महिला शिक्षक, एक अनुभाग अधिकारी को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।