राजस्थान की विधानसभा के परिसर में शुक्रवार रात को आधुनिक हथियारों से लैस पांच आतंकियों के घुसने की सूचना ने हड़कंप मचा दिया। चंद सैकंड में ही हथियार बंद जयपुर पुलिस, आतंकवादी निरोधक दस्ते के कमांडों और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लाव—लश्कर लेकर विधानसभा पहुंची। वहां बिजली सप्लाई बंद कर दी गई।
स्पेशल कमांडों के अंदर पहुंचने के बाद विधानसभा के सभी गेटों को बंद कर दिया। यह देखकर आसपास रहने लोग भी हड़बड़ा गए। लेकिन कुछ देर में मामला साफ हो गया कि यह महज किसी भी वक्त आतंकियों से निपटने के लिए एक मॉक ड्रिल थी। जिसमें जयपुर पुलिस का आपातकालीन सूचना मिलने पर रेस्पांस टाइम नोट करना भी था। इसके लिए एटीएस और जयपुर कमिश्नरेट के उच्चाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इससे पहले भी आमेर महल, एयरपोर्ट और जेएलएन मार्ग स्थित वल्र्ड ट्रेड पार्क में इसी तरह आतंकियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल की जा चुकी है।