पुलिस रेड के दारान संदिग्ध की चेकिंग करती पुलिस टीम।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत धार्मिक स्थल पीरनिगाह में वीरवार रात एएसपी मदन लाल कौशल और डीएसपी कुलविंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने छापामारी की। वहीं, सदर थाना के एसएचओ शेर सिंह ने भी क्षेत्र में घूम रहे नशेड़ियों पर शिकंजा कसा। डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने पीर निगाह पहुंचकर सभी खोखों और ढाबा संचालकों को किसी भी तरह के गैर कानूनी कार्य में संलिप्त न होने की चेतावनी दी।
इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थल के समीप संदिग्ध अवस्था में घूम रहे कुछ युवकों से पूछताछ भी की, जिन्हें डीएसपी ने मौके से खदेड़ा और चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं, धार्मिक स्थल में हुड़दंग मचाने और किन्नर बनकर लोगों को ठगने वालों को भी खदेड़ा गया। पीरनिगाह में नशे के कथित कारोबार सहित लोगों को ठगे जाने और उनकी जेबें काटे जाने की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने छापामारी अभियान शुरू किया है। पीरनिगाह में हर वीरवार को मेला लगता है, जबकि ज्येष्ठ वीरवार को भारी संख्या में पंजाब सहित अन्य राज्यों के लोग पीरनिगाह मेले में पहुंचते हैं और मंदिर में शीश नवाने के बाद मेले में शामिल होते हैं।
वीरवार रात को भी ज्येष्ठ मेला होने के चलते यहां काफी भीड़ जुटी थी। वहीं, नशे में धुत्त कई लोग हुड़दंग मचा रहे थे। जबकि, किन्नरों का रूप धर कर भी कई लोग अन्य श्रद्धालुओं से पैसे वसूलने के लिए उन्हें घेर कर तंग कर रहे थे। पुलिस ने छापामारी के दौरान पीरनिगाह में आ रही तमाम गाड़ियों की चेकिंग की। धार्मिक स्थल के सभी होटलों और ढाबों में पुलिस टीमों ने दबिश दी। हालांकि, इस दौरान कोई जेब कतरा या नशों का सौदागर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस पीरनिगाह में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल पर किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।