क्षेत्र के भरवाईं मार्ग पर पेश आए हादसे के बाद फरार चल रहे ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, बाद में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को जमानत पर रिहा कर दिया। गौरतलब है कि गत दिनों गगरेट के भरवाईं मार्ग पर संघनई निवासी गणेश की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि 22 वर्षीय गणेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। लेकिन ट्रक चालक वहां से ट्रक सहित फरार हो गया था।
गगरेट ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज संजीव कुमार ने तत्काल ट्रक से संबंधित साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए थे। पुलिस ने विभिन्न जगहों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली थी। रविवार को गगरेट पुलिस ने मामले को लेकर आरोपी ट्रक चालक अश्वनी कुमार निवासी हमीरपुर को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304 और 187 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।