क्षेत्र के निकटवर्ती गांव फतेहपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में जमकर खूनी संघर्ष हुआ। वारदात में एक व्यक्ति बुरी तरह लहूलुहान हो गया है। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है।
वहीं, शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में सतपाल निवासी फतेहपुर ने बताया कि बुधवार रात गांव में स्थित एक ट्यूबवेल पर बिट्टू के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बिट्टू ने सतपाल के सिर पर बांस के डंडे से हमला कर दिया।
हमले में सतपाल बुरी तरह लहूलुहान हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से सतपाल को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।