उपमंडल बंगाणा के गांव बडूहा में एक व्यक्ति ने दो ठेकेदारों पर निजी भूमि से खैर के सात पेड़ काटने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी ठेकेदारों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। गौर रहे कि इससे पहले भी बंगाणा के जंगलों में अवैध तरीके से कई पेड़ काटे जा चुके हैं। ऐसे में वन विभाग की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।
वन विभाग के कर्मचारियों की निगरानी के बावजूद वनकाटू अवैध तरीके से हरे-भरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला रहे हैं। जानकारी के अनुसार गुरदेव सिंह निवासी गांव बडूहा जिला ऊना ने जोल चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है कि क्षेत्र के दो ठेकेदारों ने उसकी जमीन से खैर के सात पेड़ काट लिए हैं। अवैध तरीके से काटे गए खैर के पेड़ों की कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।