नगर पंचायत दौलतपुर चौक में 50 वर्षीय महिला ने आम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला की पहचान विमला देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। बताया जा रहा है महिला पिछले काफी समय से बीमार चल रही थी। हालांकि इलाज भी चल रहा था। पुलिस ने महिला के पति के बयान लेकर पूछताछ की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात निवासी विमला देवी ने बुधवार सुबह घर के बाहर आम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसे सुबह उसकी सास ने देखा। उसके बाद उन्होंने इसकी सूचना परिवार वालों को दी।
सूचना मिलते ही डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी, थाना प्रभारी हाशिम अली, चौकी प्रभारी राजेंद्र पठानिया सहित पुलिस टीम ने मौके का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि महिला के पति के अनुसार महिला डिप्रेशन की मरीज थी और उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।