हरोली विस क्षेत्र के तहत पंडोगा बैरियर पर एक्साइज विभाग ने नाके के दौरान एक कार से बिना बिल 28 किलो चांदी एवं 12 तोले सोना बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस दौरान व्यापारी विभाग की टीम को कोई भी बिल नहीं दिखा सका। विभाग की ओर से पकड़ी गई चांदी की कीमत 11 लाख 75 हजार और सोने की कीमत बाजार में 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
विभाग ने अमृतसर के व्यापारी विजय कुमार को 3 लाख 24 हजार रुपये जुर्माना किया है। गौरतलब है कि बीते दिनों भी पंडोगा बैरियर पर आबकारी एवं कराधान विभाग ने 36 किलो चांदी बरामद की थी। जानकारी के मुताबिक पंडोगा बैरियर पर अमृतसर का व्यापारी विजय कुमार अपनी कार में ऊना आ रहा था। पंडोगा बैरियर पर आबकारी एवं कराधान विभाग के इंस्पेक्टर अनिल सोनी ने जांच के लिए रोका तो कार में 26 किलो चांदी और 12 तोले सोना बरामद हुआ, जिसका व्यापारी विभाग की टीम को कोई भी बिल नहीं दिखा सका। पकड़ी गई चांदी की कीमत 11 लाख 75 हजार, जबकि सोने की कीमत बाजार में 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। आबकारी एवं कराधान विभाग के इंस्पेक्टर अनिल सोनी ने मामले की पुष्टि की है।