जिला अस्पताल के बाहर मंगलवार को दो गुटों में पुरानी रंजिश के चलते जमकर मारपीट हो गई। मारपीट की घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनको उपचार के लिए ऊना अस्पताल में दाखिल करवाया है जहां उनका उपचार जारी है। मारपीट का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल के बाहर मंगलवार सुबह दो गुटों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान दो युवकों को चोटें आई हैं।
मारपीट में घायल हुए युवकों की पहचान राहुल निवासी रक्कड़ और सुमित निवासी ऊना के रूप में हुई है। मारपीट होता देख स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों के हस्तक्षेप करने पर मामला शांत हुआ।
मारपीट को अंजाम देने वाले युवक वहां से फरार होने में सफल रहे। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि घायलों को अस्पताल में उपचार दिया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायलों के ब्यान कलमबद्ध किए जा रहे हैं।