ऑनलाइन शॉपिंग इन दिनों कई लोगों के लिए घाटे का सौदा साबित हो रही है। चिंतपूर्णी में एक युवक ने ऑनलाइन कंपनी के जरिये मोबाइल मंगवाया। लेकिन, जब पार्सल खोला तो मोबाइल की जगह माता की मूर्तियां निकलीं।
इससे युवक के होश उड़ गए। पीड़ित युवक अरुण चिंतपूर्णी के एक ढाबे में काम करता है। अरुण ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले एक मोबाइल ऑनलाइन मंगवाया, जिसका पार्सल उसे मंगलवार को डाकिए ने दिया। इसके 3200 रुपये दिए, लेकिन जब उसने पार्सल को खोला तो उसमें मोबाइल की जगह माता की मूर्तियां और लाकेट निकला। इस पर उक्त युवक समझ गया कि वह ठगी का शिकार हो चुका है।
पार्सल पर दिल्ली की एक कंपनी का नाम भी अंकित है। गौरतलब है कि इस प्रकार के ठगी के पहले कई लोगों के साथ मामले हो चुके हैं। उधर, चिंतपूर्णी थाना प्रभारी भूप सिंह राणा का कहना था कि इसके बारे में लोगों को जागरूक होना चाहिए और कोई भी चीज ऑनलाइन मंगवाने से पहले उसकी पूरी तरह से पड़ताल कर लें तभी मंगवाएं, जिससे किसी भी प्रकार की ठगी से बचा जा सके।