हरोली विस क्षेत्र के कलेहड़ा गांव में एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव को जलाने के संगीन मामले में पुलिस ने अपनी तहकीकात तेज कर दी है। बीते रोज आरएफएसल धर्मशाला की एक विशेष टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर वारदात से जुड़े अहम साक्ष्य एकत्र किए।
हालांकि अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है। फारेंसिक टीम ने काफी देर तक घटना स्थल के अलावा अन्य संभावित जगहों का मुआयना किया और फिंगर प्रिंट समेत अन्य दस्तावेज जुटाए। डीएसपी हरोली अजय राणा ने बताया कि फारेंसिक टीम ने घटना से संबंधित सबूत एकत्र किए हैं। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। प्रथमदृष्टया यह बात सामने आ रही है कि व्यक्ति की हत्या कर उसके शव को आग लगा दी गई, जिससे शव तकरीबन 90 फीसदी झुलस चुका है।
आग के कारण मृतक का चेहरा पूरी तरह से विकृत हो गया था, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। जल्द इस मामले के गुनाहगार पुलिस की गिरफ्त में होंगे। गौर हो कि 25 जनवरी को हरोली के कलेहड़ा में व्यक्ति की अधजली लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में 302 के तहत मामला दर्ज किया है और जांच चल रही है।