उपमंडल अंब के तहत भैरा में भीषण आग से कपड़े की दुकान जलकर राख हो गई। आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। देर रात हुई आग की घटना से लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई।
उधर सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक भैरा में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के सामने स्थित ढिल्लों क्लाथ हाउस में शनिवार रात करीब एक बजे अचानक आग लग गई। अंब मार्ग से चिंतपूर्णी जा रहे श्रद्धालुओं ने दुकान के निकल रही आग की लपटों देखकर बोर्ड पर अंकित मोबाइल नंबर पर आग की सूचना दुकान मालिक को दी। सूचना मिलने के बाद दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
दुकान के मालिक गुरनाम सिंह ने बताया कि उसने आकर देखा कि दुकान से लपटें उठ रही थीं। मौका पर पहुंची फायर की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब राख हो चुका था। उन्होंने बताया कि नवरात्रों के आने का समय था, इसलिए नया कपड़ा अभी आया ही था। उन्होंने कहा कि सब कुछ जलकर राख हो गया, कुछ भी नहीं बचा। आग की घटना में बीस लाख से अधिक का नुकसान आंका गया है। उधर ग्राम पंचायत उपप्रधान गुरदियाल ढिल्लों व स्तोत्थर के पूर्व प्रधान व स्थानीय कारोबारियों ने प्रशासन से पीड़ित को मुआवजे की मांग की है। वहीं डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।