पूराकलंदर थाना क्षेत्र के मोहतसिमनगर निवासी एक युवक को गुजरात पुलिस की सूचना पर इलाकाई पुलिस ने हिरासत में लिया है। इलाकाई पुलिस को गुजरात पुलिस के आने का इंतजार है। युवक के बैंक खाते से लगभग आठ माह में डेढ़ करोड़ का लेन-देन हुआ है।
हिरासत में लिये गये युवक के खिलाफ गुजरात में गबन व धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज होने की बात कही जा रही है। थाना क्षेत्र के गांव मोहतसिमनगर का रहने वाला रंजीत रावत पुत्र स्व. जयराम पॉलीटेक्निक का डिप्लोमा हासिल करने के बाद लगभग चार साल पहले नौकरी की तलाश में घर से निकला था।
इलाकाई लोगों की मानें तो वह पहले प्रदेश के नोएडा पहुंचा और कुछ दिन वहां नौकरी की। नोएडा से रकम कमाकर घर पहुंचा तो बड़े भाई से विवाद हुआ और घर में बंटवारा हो गया। इसके बाद वह गुजरात के सूरत पहुंच गया और वहां एक कपड़ा मिल में नौकरी करने लगा। उसकी पत्नी तथा पुत्री घर पर ही रहती है।
लगभग दस दिन पूर्व वह गुजरात से वापस घर आया और इधर-उधर घूमा करता था। शौकीन मिजाज के रंजीत ने महंगी रेसर बाइक खरीद रखी है और इधर बीच हासिल की गई मोटी रकम से उसने एक प्लाट भी खरीदा है।
गुजरात पुलिस की ओर से मोतीनगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक को मोहतसिननगर गांव निवासी रंजीत रावत के बाबत जानकारी दी गई। बैंक प्रबंधन को बताया गया कि रंजीत की ओर से बैंक में खोले गये करेंट अकाउंट में मोटी रकम जमा की गई और निकाली गई।
खाताधारक की उनको तलाश है। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने खाताधारक रंजीत की तलाश व सुरागरसी शुरू कराई। एक दिन टीम उसके गांव भेजी गई, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। संयोग से चेक बुक के पन्ने खत्म हो जाने के चलते रंजीत नई चेक बुक हासिल करने के लिए शनिवार की दोपहर नई चेक बुक इश्यू कराने पहुंचा तो बैंक प्रंबधक ने उसको बातों में उलझाकर शाखा में ही रोक लिया और सूचना इलाकाई पुलिस को दे दी।
शाम लगभग छह बजे बैंक शाखा पहुंची पूराकलंदर पुलिस ने युवक रंजीत को हिरासत में ले लिया और इसकी सूचना गुजरात पुलिस को दी। जानकारी पर गुजरात पुलिस जनपद के लिए रवाना हो गई, हलांकि रविवार को खबर लिखे जाने तक गुजरात पुलिस थाने नहीं पहुंची है।