दौलतपुर चौक(ऊना)। क्षेत्र के डेरा पंडित हरी शाह जी दरबार अंबोआ की गौशाला में आग लगने से लाखों की संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई है। आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह अंबोआ की गऊशाला में अचानक ही छत से धुंआ निकलने लगा। धुंआ उठता देख गौसेवक ने शोर मचाया और जानकारी गद्दीनशीन बाबा राकेश शाह सहित अन्य सेवकों को दी। इसी बीच आग की लपटें उठनी शुरू हो गई। आग की सूचना मिलते ही हनी राजा, राजेश शाह, देवेन शर्मा सहित काफी संख्या गौभक्त मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का कार्य शुरू किया लेकिन आग की बढ़ती लपटों ने अंदर रखी 15 हजार गट्ठे को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटे उठनी शुरू हो गई।
भयंकर और बेकाबू आग देखकर गऊसेवकों ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया और साथ लगती आबादी को जलने से बचाया। आग में 15 हजार गट्ठे, एक जनरेटर मशीन, घास मशीन व टीन की चादर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। गौसेवकों की सुझबूझ से निचली मंजिल में बंधी सैकड़ों गऊओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उधर, गद्दीनशीन बाबा राकेश शाह ने बताया कि गऊशाला में आग से लगभग 15 लाख का नुकसान हुआ है। पुलिस टीम ने भी घटना स्थल का जायजा लिया है। डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।