गगरेट विस क्षेत्र के गांव जाडला कोयड़ी में आयोजित एक शादी समारोह में डीजे पर नाच रहे युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में युवकों ने एक-दूसरे पर जमकर खूब लात-घूंसे बरसाए। वारदात में बारातियों समेत आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। वारदात के दौरान शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई, जिससे काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
शादी में मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गगरेट थाना प्रभारी हाशम अली ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया। मारपीट की वारदात में घायल लोगों को मेडिकल और उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक हरोली विस क्षेत्र के बीटन गांव से गगरेट के जाडला कोयड़ी में बारात आई हुई थी।
इस दौरान डीजे पर नाच रहे युवकों में आपसी किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते युवाओं में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में चार बारातियों और दो अन्य युवकों को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए गगरेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों की पहचान रघुवीर तथा संदीप कुमार निवासी जाडला कोयड़ी तथा बारातियों में रविंद्रपाल, धर्मपाल, विजय कुमार निवासी हरोली दीपक धीमान निवासी खड्ड के रूप में हुई है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मारपीट के मामले में केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।