भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी में आइसक्रीम सॉफ्टी बेचने वाले दुकानदार ने एक स्कूल के छात्र को उस समय रंगे हाथों चोरी करते हुए पकड़ लिया, जब छात्र ने दुकान के गल्ले में से छह सौ रुपये निकाल लिए।
छात्र को दुकानदार समेत आसपास के दुकानदारों ने जमकर पीटा। छात्र से दो दिन पूर्व चोरी किए गल्ले से नौ सौ रुपये भी दुकानदार ने बरामद कर लिए हैं।
स्टेट बैंक के पास एक सॉफ्टी की दुकान पर मालिक की होशियारी से एक चोर उस समय पकड़ा गया, जब मालिक सॉफ्टी देने लगा तो लड़के ने मौके का फायदा उठाकर गल्ले में रखे 600 रुपये पर हाथ साफ कर दिया। उक्त शातिर आइसक्रीम की दुकान में पहले भी चोरी करता था, इसलिए दुकान मालिक ने नोटों पर निशान लगाए हुए थे, जो पकड़े जाने पर लड़के के स्कूल बैग से बरामद हुए हैं।
दो दिन पूर्व भी इसी लड़के ने गल्ले से नौ सौ रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया था, जो तलाशी के दौरान मालिक ने बरामद कर लिए हैं। इसमें कुछ पैसे लड़के ने खर्च कर लिए थे। दुकान के मालिक सुरेंद्र की शिकायत पर थाना चिंतपूर्णी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने लड़के को पकड़कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, मामले के जांच प्रभारी मुश्ताक खान ने बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।