जिला पुलिस ने गगरेट के थपलां रोड पर बाइक सवार युवक से 92.90 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी की पहचान बड़ोह निवासी किशन चंद के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थाना गगरेट की पुलिस टीम ने थपलां के लिंक रोड पर नाका लगा रखा था।
इसी दौरान उस ओर एक युवक बाइक पर आया। पुलिस टीम को देख कर आरोपी भाग खड़ा हुआ, लेकिन पुलिस टीम ने कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर बाइक की हेडलाइट और मीटर के बीच लिफाफे में रखी चरस बरामद की गई। इसकी मात्रा 92.90 ग्राम आंकी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत केस दर्ज कर लिया।
उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। नशीले पदार्थों की तस्करी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस धंधे से जुड़े तमाम लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा। गौरतलब है कि कि जिला पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ रखा है। सप्ताह भर में ही करीब आधा दर्जन के करीब युवा नशे के साथ गिरफ्तार किए गए हैं। नशे के तार पड़ोसी राज्य पंजाब से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस की सख्त कार्रवाई से नशा माफिया में हड़कंप मच गया है।