उपमंडल बंगाणा के थानाकलां कस्बे में तीन माह का भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। यह भ्रूण बालक का है या किसी बालिका का, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों की दलील है कि महिला के पेट में अचानक तेज दर्द होने से अचानक ही प्रसव हो गया, जिसके बाद भ्रूण को दबाना पड़ा। लेकिन, तीन माह के भीतर ही प्रसव जैसी बात किसी के गले नहीं उतर रही है। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर सैंपल जांच के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक स्थानीय लोगों ने थानाकलां से कुछ ही दूरी पर हाईवे किनारे जंगल में कुछ अज्ञात लोगों को कुछ दफनाते हुए देखा। इन लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बंगाणा पुलिस को दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां खून से लथपथ एक लिफाफा मिला। पुलिस ने उक्त स्थान से तीन माह के भ्रूण को बाहर निकाल कर उसे कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार शिमला का एक परिवार दो महिलाएं तथा एक पुरुष गाड़ी में कहीं जा रहे थे कि एक महिला को पेट में तेज दर्द होने की वजह से कथित तौर पर गर्भपात हो गया। उक्त परिवार ने उस तीन माह के भ्रूण को हाईवे किनारे जंगल में दफना दिया।
पुलिस ने तहसीलदार बंगाणा को मौके पर बुला कर उक्त भ्रूण को कब्जे में लेकर जांच के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेजा है। दोनों महिलाओं को भी जांच के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेजा गया है। एसएचओ त्रिलोक चंद ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि केस की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में धारा 316, 318, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।