क्षेत्र के घनारी में देर रात शातिरों ने पीएनबी की एटीएम को तोड़ डाला। हालांकि, शातिर एटीएम से कैश निकालने में असफल रहे। लेकिन देर रात हुए एटीएम तोड़ने के प्रयास से लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। भनक लगते ही शातिर मौके से फरार हो गए। उधर, पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी शातिर इस एटीएम को तोड़कर लाखों की लूट को अंजाम दे चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 11 बजे घनारी स्थित पीएनबी के एटीएम केबिन में शातिर घुसे और गैस कटर की मदद से एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया। वारदात के दौरान शातिरों ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों पर भी रंगदार स्प्रे की थी। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर ने कुछ छेड़छाड़ की आवाज सुनकर जब एटीएम की तरफ टॉर्च मारी, तो शातिर घबरा कर मौके से फरार हो गए। शोर मचते ही लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गगरेट थाना प्रभारी हाशिम अली ने मौके का जायजा लिया। वहीं, लोगों से भी पूछताछ की है।
उधर, डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। पुलिस वारदात के हर पहलू पर जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। गौरतलब है कि पहले भी एटीएम को तोड़कर लाखों की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इसके बाद आरोपियों को पंजाब में पकड़ा गया था। इसी क्षेत्र में गत वर्ष भी कई एटीएम पर लूटपाट की वारदातें हुई हैं।