संतोषगढ़ नगर के वार्ड तीन में लोगों ने रात को करीब दो बजे एक युवक को चोरी करते हुए रंगे हाथ धर दबोचा है। जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक वार्ड तीन के एक घर में घुस गया और घर से कीमती सामान चोरी कर भागने लगा।
इसी दौरान गली में सामान गिरने की आवाज सुनकर लोगों ने युवक का पीछा किया। उसे कुछ दूरी पर ही चोरी किए गए सामान के साथ पकड़ लिया। इसके बाद मामले की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक के साथ कुछ अन्य प्रवासी युवकों की गैंग भी शामिल है। गौरतलब है कि जिले में बिना पंजीकरण के हजारों प्रवासी रह रहे हैं, जिनका पुलिस और प्रशासन के पास भी पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।
बाहरी राज्यों से आकर रह रहे ये प्रवासी लोग जिले में चोरी की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते हैं, जिन्हें पकड़ने में पुलिस को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आईपीसी की धारा 380, 457 के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपी युवक को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट ले जाया गया, जहां से आरोपी युवक को चार दिन के रिमांड पर भेजने के आदेश दिए गए हैं।