अमर उजाला ब्यूरो
भरवाईं (ऊना)। भरवाईं-मुबारिकपुर सड़क पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से उस समय टल गया जब वॉल्वो बस सड़क किनारे बने पैरापिट को तोड़ती हुई हवा में लटक गई और साथ बने स्कूल पर गिरने से बच गई।
गनीमत रही कि हादसे के समय स्कूल बंद था और बच्चों की चहल-पहल नहीं थी। इस कारण अप्रिय घटना नहीं घटी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली और क्रेन से बस को निकलवाया। शनिवार सुबह नौ बजे के करीब दिल्ली से बैजनाथ जा रही वॉल्वो बस भरवाईं आर्यन इंटरनेशनल स्कूल के गेट के नजदीक पैरापिट को तोड़ती हुई बस दूसरे पैरापिट के सहारे हवा में लटक गई। बस की टक्कर से टूटे पैरापिट और पत्थर स्कूल को जाने वाले रास्ते में जा गिरा। बस की टक्कर की आवाज सुनकर स्कूल के एमडी संजय भारद्वाज और स्टाफ भी बाहर आ गया।
जिस जगह पर हादसा हुआ है उसकी दूसरी तरफ सड़क किनारे एनएच ने डंगे का काम शुरू किया है। इस कारण रेत, बजरी और अन्य निर्माण सामग्री को सड़क पर फेंका हुआ है। यहां सड़क भी काफी तंग है। बस चालक शशि कुमार ने बताया कि जब वह भरवाईं की ओर जा रहा था तो भरवाईं की तरफ से एक टेंपो ट्रेवलर आ रही थी। इसको बचाने के चक्कर में उसने गाड़ी घुमा दी और यह पैरापिट से जा टकराई। बस में करीब बारह लोग सवार थे। उन्हें दूसरी बस में भेजा गया।
एसएचओ जगबीर ठाकुर ने बताया कि किसी गाड़ी को बचाने के कारण बस चालक ने बस को स्कूल वाली तरफ बने पैरापिट में दे मारा। इससे पैरापिट टूटकर स्कूल के रास्ते में जा गिरा। बस दूसरे पैरापिट के सहारे अटक गई। उन्होंने बताया कि बस में बैठी सभी सवारियां सुरक्षित हैं। हादसे के समय स्कूल के बाहर कोई भी बच्चा नहीं थी। पुलिस ने ड्राइवर के बयान कमलबद्ध कर लिए हैं।