टाहलीवाल (ऊना)। पुलिस थाना हरोली के तहत बाथड़ी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए प्रवासी चालक का शव सड़क किनारे बरामद हुआ है। उसकी पहचान सुनील कुमार पुत्र संता बहादुर निवासी बाथड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच करने के लिए फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई है।
जानकारी के अनुसार बाथड़ी पेट्रोल पंप के समीप जब स्थानीय लोगों ने शव देखा तो उनके होश उड़ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक दृष्टि में मामला हत्या का लग रहा है। इसके चलते फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य भी जुटाए हैं।
गौर रहे कि 7 अक्तूबर को रात करीब आठ बजे सुनील अपने घर से थोड़ी देर में आने की बात कहकर बाइक पर निकला था। जब वह घर नहीं आया तो परिजनों ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस के पास दी थी। मृतक बाथड़ी स्थित एक उद्योग में ड्राइवर था। उद्योग प्रबंधन का कहना है कि सुनील रोज की तरह टैंकर लेकर निकला था, लेकिन दूसरे दिन काम पर नहीं आया। इसके बाद से वह गायब था और टैंकर उसके घर ही खड़ा पाया गया। जबकि उसकी पत्नी का कहना है कि उसका पति 7 अक्तूबर से लापता चल रहा है।
उधर, डीएसपी हरोली गोपाल वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।