अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। पुलिस थाना ऊना के तहत मलाहत गांव में घर की छत गिरने से महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान राज रानी (40) पत्नी स्वर्गीय निर्दोष कुमार निवासी मलाहत के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मलाहत निवासी राज रानी रविवार को अपने घर में सो रही थी। दोपहर को कमरे का लेंटर अचानक ही उस पर गिर पड़ा। इससे वह घायल हो गई। गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से उसे ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राज रानी अपने पीछे बेटा व बेटी छोड़ गई है। जबकि उसके पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों व परिजनों के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं।