अमर उजाला ब्यूरो
अंब (ऊना)। क्षेत्र के निकटवर्ती कुठेड़ा खैरला गांव की नवविवाहिता ने फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। मृतका की पहचान अठवां निवासी 25 वर्षीय रीता रानी के रूप में की गई है। उसकी शादी करीब डेढ़ महीने पहले अठवां गांव के प्रदीप कुमार से हुई थी। कुछ दिन पहले ही युवती अपने मायके कुठेड़ा खैरला आई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात को जब सभी परिजन सो रहे थे, इसी दौरान महिला ने कमरे के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे से आई आवाज को सुनकर जब परिजन पहुंचे तो उन्होंने युवती को फंदे से लटके पाया। परिजनों ने उसे तुरंत नीचे उतारा और अंब अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नवविवाहिता के परिजनों ने मामले की सूचना ससुराल पक्ष को भी दी।
अस्पताल में पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। अंब थाना के एडिशनल एसएचओ अर्जुन देव का कहना है कि आरंभिक जांच में किसी पर भी कोई शक नहीं जताया गया है। महिला के कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।