अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। बेटे की प्रताड़ना से तंग आकर पिता ने एसपी दिवाकर शर्मा से मुलाकात कर दुखड़ा सुनाया। पीड़ित ने मामले के संदर्भ में शिकायत पत्र भी सौंपा। बसदेहड़ा निवासी छज्जू राम ने अपने ही बेटे पर रोजाना मारपीट एवं गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।
72 वर्षीय छज्जू राम ने बताया कि बेटा प्रतिदिन उसके साथ मारपीट करता है। बेटे की रोजमर्रा की प्रताड़ना से दुखी होकर उसकी पत्नी पहले ही घर से जा चुकी है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि प्रताड़ना से बचने के लिए वह और उसके पौत्र को रिश्तेदारों के यहां दिन गुजारने पड़ रहे हैं। पिता ने आरोप लगाया कि बेटे ने उसे कमरे में बंद कर सिलिंडर की आग से जान से मारने की भी कोशिश की। वे बड़ी मुश्किल से बचे। कई बार स्थानीय पुलिस चौकी में बताया लेकिन बेटे को चंद पल के लिए पुलिस ने अपने पास रखकर बाद में छोड़ दिया।
इसके बाद उसका कहर फिर शुरू हो जाता है। बुजुर्ग छज्जू राम ने एसपी के समक्ष गुहार लगाते हुए बेटे की प्रताड़ना से निदान दिलाने की मांग की है। उचित कार्रवाई न होने पर छज्जू राम ने पत्नी सहित आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी। एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि पीड़ित ने शिकायत दी है। मामले की आगामी जांच की जाएगी।