अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। बोर्ड परीक्षाओं में उड़नदस्तों ने बारहवीं की फिजिक्स, एकाउंटेंसी और इतिहास विषय के पेपरों में नकल के 10 मामले पकड़े। शिक्षा उपनिदेशक निरीक्षण कैडर कमलेश कुमारी के उड़नदस्ते ने माउंट एवरेस्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुठार कलां के साथ-साथ जिला के विभिन्न स्कूलों के परीक्षा केंद्रों पर दबिश दी।
उनकी टीम में शामिल प्रधानाचार्य नरेश सैनी, प्रवक्ता राजपाल राणा, टीजीटी किरण बाला व राजेश कुमार ने सुबह के सत्र में एसडी पब्लिक सीसे स्कूल संतोखगढ़ में एक, सनोली स्कूल में दो छात्रों को नकल करते हुए पकड़ा। टीम ने शाम के सत्र में एसओएस के तहत जिला मुख्यालय के गर्ल्स स्कूल ऊना में पेपर दे रहे एक विद्यार्थी को नकल करते दबोचा। टीम ने बाल स्कूल ऊना के परीक्षा केंद्र में भी दबिश दी।
एसडीएम ऊना राजेश जसवाल की टीम में शामिल प्रवक्ता अंजलि शुक्ला, प्रवक्ता उमेश चंद शर्मा, टीजीटी सतिंदर कौशल ने सनोली स्कूल में इतिहास के पेपर में दो छात्रों को नकल करते दबोचा। एसडीएम हरोली गौरव चौधरी की टीम में शामिल मुख्याध्यापक नरिंद्र जोशी, टीजीटी चरनपाल और पीजीटी पुनीत कुमारी ने हरोली ब्लॉक के पालकवाह परीक्षा केंद्र में इतिहास के पेपर में एक छात्र को नकल करते पकड़ा।
जिला उपशिक्षा निदेशक एलिमेंट्री संदीप कुमार गुप्ता की टीम में शामिल एडीपीओ रमन सहोड़, प्रवक्ता आशा देवी व टीजीटी प्रीतम ने गुरुकुल पब्लिक स्कूल अंब के परीक्षा केंद्र पर बारहवीं के फिजिक्स के पेपर में एक छात्र को नकल करते हुए पकड़ा। उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक ऊना की टीम में प्रवक्ता कुलविंद्र कौर और अश्वनी कुमार ने हरोली स्कूल में सायं काल के इतिहास के पेपर में दो नकल के मामले पकड़े।