अंब (ऊना)। चालक को बस से खींचे जाने के बाद खड्ड में लुढ़कती बस में बैठी सवारियों के पास एक ही चारा था कि भगवान से सलामती की दुआ मांगे। चालक को सीट से उतारते ही बस में बैठे सवार असहाय हो गए। हल्की टक्कर के बाद एचआरटीसी बस और टेंपू चालक की तू-तू मैं-मैं के बाद गहरी खड्ड की तरफ बस लुढ़कने पर चारों ओर चीख-पुकार मच गई। सवारियां मदद के लिए चिल्लाने लगी।
लुधियाना के घायल सरोज शर्मा के मुताबिक जैसे-जैसे बस खड्ड की ओर खिसक रही थी लोगों की जान हलक में अटकी थी। बस संभवत: किसी पेड़ अथवा किसी ओर चीज से टकराने के चलते रुक गई। वर्ना हादसा और भयावह हो सकता था। एक अन्य घायल के अनुसार टेंपो सवार ने बस की हल्की टक्कर के बाद चालक को बस से बाहर खींच लिया। इस कारण हादसा पेश आया।
हादसे के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आ गया। घायल हुए करीब पैंतीस लोगों को तुरंत चिंतपूर्णी, अंब, गगरेट, बंगाणा, प्रागपुर, डाडासीबा की 108 नंबर एंबुलेंस और गगरेट और अंब अस्पताल के रोगी वाहन से सिविल अस्पताल अंब लाया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने दुर्घटना के बाद बीएमओ अंब संजीव वर्मा से घायलों के बारे में अपडेट लिया।
उन्होंने रोगी वाहन चालकों को निर्देश दिए कि जहां तक घायलों को रेफर किया जाएगा, वहां तक लेकर एंबुलेंस जाएंगी। उन्होंने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। चिंतपूर्णी के विधायक बलबीर सिंह ने भी अंब अस्पताल में घायलों का हाल जाना। बीएमओ अंब संजीव वर्मा ने बताया कि सिविल अस्पताल अंब लाए सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना रेफर कर दिया है।