अंब (ऊना)।
अंब में एक करियाने के डिपार्टमेंटल स्टोर में आग लगने कारण हुए धमाके से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका किस कारण हुआ, इसकी जांच के लिए एफएसएल की टीम बुलवाई गई है।
दुकान मालिक के मुताबिक धमाके से उसे पंद्रह-बीस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में शार्ट सर्किट के कारण आग लगने और इस दौरान फ्रिज का कंप्रेशर फटने के कयास लगाए जा रहे हैं। धमाका इतना जबरदस्त था कि दुकान का शटर तक उड़ गया। इस कारण दुकान में आग बुझाने आया दुकान मालिक और उसका साथी धमाके की चपेट में आ गए और झुलस गए।
विज्ञापन
हादसा शुक्रवार रात के लगभग सवा ग्यारह बजे अंब-नैहरियां मार्ग स्थित आशीष शर्मा की दुकान पर हुआ। दुकान में रात को अचानक आग लगने के बारे में पता चलने पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचा। अभी वह दुकान के सामने खड़ा ही था कि संभवत: आग के कारण दुकान के अंदर रखे फ्रिज और कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें धमाके के साथ फट र्गइं। जिस कारण दुकान का शटर उड़ गया और दुकान के सामने खड़ा आशीष कुमार पुत्र रामपाल और उसका साथी विपिन कुमार पुत्र होशियार सिंह निवासी थड़ा आग की तेज लपटों से झुलस गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए तुरंत सिविल अस्पताल अंब लाया गया। जहां विपिन कुमार के गंभीर जख्मों को देखते हुए डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए उसे पंजाब के किसी निजी अस्पताल ले गए।
आग और धमाके के कारण दुकान के अंदर रखा सारा सामान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। मामले की सूचना मिलने पर अंब पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अंब के डीएसपी मनोज जंबाल ने बताया कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। धमाके के कारणों की जांच की जा रही है। धमाके के कारणों की जांच के लिए फारेंसिक साइंस एक्सपर्ट मौके की जांच करेंगे।