जनरल समाज का प्रतिनिधिमंडल मिला गृहमंत्री से
गोल चौक विवाद के बाद भी गुंडागर्दी से हैं परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
फगवाड़ा।
13 अप्रैल को गोल चौक विवाद के बाद भड़की हिंसा के बाद पंजाब सरकार व पुलिस प्रशासन पर दलित तुष्टीकरण की नीति के तहत जनरल समाज को कथित रूप से दबाने तथा प्रताड़ित करने, मामले में दंगा भड़काने की साजिश रचने में शामिल दो दलित नेताओं पर पुलिस व प्रशासन द्वारा कार्रवाई न करने तथा फगवाड़ा के प्रशासनिक अधिकारियों व तीन राजनेताओं, जिनमें दो विधायक तथा एक पूर्व विधायक है पर जातिगत आधार पर आरोपियों के शह देने व दो समुदायों के बीच दुश्मनी पैदा करने की कोशिश का मामला अब गृहमंत्री के पास पहुंच गया है। कल दिल्ली में जनरल समाज मंच पंजाब के महासचिव गिरीश शर्मा ने आल इंडिया एक्युवैलिटी फोर्म के कैप्टम विक्रम सिंह, पीएस राणा के साथ केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर सारे मामले की जानकारी दी और ज्ञापन सौंप कर पंजाब की सरकार तथा पुलिस की कार्यवाही पर गहरा आक्रोश जताया। मुलाकात के बाद बताया कि गृहमंत्री श्री सिंह ने सारे मामले को गंभीरता से सुना तथा पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगने की बात कही है। इस बारे में गिरीश शर्मा ने शनिवार को फगवाड़ा में जानकारी दी। ज्ञापन में दलित नेता जरनैल नंगल व हरभजन सुमन के खिलाफ जांच कर कार्रवाई, तीनों राजसी नेताओं की भूमिका की जांच कराने और फगवाड़ा के दो प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। बता दें कि पंजाब सरकार ने इस मामले में एसआईटी का गठन किया है, जिसकी रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।