ऊना। क्षेत्र के पनोह में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहित कुमार निवासी गांव बटारली, तहसील बड़सर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार दोपहर बाद ऊना अंब सड़क पर पनोह के समीप मोहित सड़क को पार कर रहा था। इस दौरान एक कार ने उसे चपेट में ले लिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि बच्चा बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने बच्चे को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मोहित पनोह में अपने मामा के घर आया हुआ था। घटना से मासूम बच्चे की मौत से गांव में मातम का माहौल है। हमीरपुर के बड़सर स्थित मृतक बच्चे के गांव में भी मातम पसर गया है। बच्चे की सड़क दुर्घटना में मौत से हर कोई गमगीन है। डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।