अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। क्षेत्र के बहडाला स्थित एक होटल के बाहर खड़ी गाड़ी की डिग्गी खोलकर एक शातिर नकदी से भरा बैग और अन्य सामान लेकर फरार हो गया। बैग में करीब आठ हजार रुपये की नकदी थी। घटना के दौरान कार मालिक ने शातिर को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह फरार हो गया। आनन-फानन में लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शातिर को पंजाब के घनौली में दबोचा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पनोह के अमर ने बताया कि बहडाला के एक होटल में उनकी बहन की शादी चल रही थी। वे कार्यक्रम में व्यस्त थे। वे पार्किंग की ओर गए तो देखा कि एक युवक उनकी गाड़ी डिग्गी खोलकर सामान को उठा रहा है। जैसे ही उन्होंने शोर मचाया और पकड़ने की कोशिश की। युवक अन्य गाड़ी में फरार हो गया। गाड़ी में तीन कपड़ों के थैले सहित एक थैले में नकदी थी। पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी कर शातिर की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने होटल सहित अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। इसके बाद पुलिस की मंगलवार दोपहर बाद शातिर को पंजाब के घनौली से धर दबोचा। एएसपी विनोद कुमार धीमान ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा है। मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।