अमर उजाला ब्यूरो
अंब (ऊना)। आसमानी बिजली के धमाके के कारण अंब थाने का ऑनलाइन सॉफ्टवेयर सोलह घंटे तक प्रभावित रहा। जबकि ग्राम पंचायत राजपुर जस्वां के मसलाना गांव के लगभग आधा दर्जन घरों की वायरिंग जल गई। इससे लोगों को दो दिन तक विद्युत आपूर्ति से वंचित रहना पड़ गया।
सोमवार रात तेज बारिश और आसमानी बिजली से अंब थाना परिसर में यूपीएस शार्ट हो गया। इसके चलते थाना परिसर में ऑनलाइन सेवा के लिए इंस्टाल किया गया सीसीटीएनएस सॉफ्टवेयर लगभग 16 घंटे तक प्रभावित रहा। इसे बाद में बहाल कर दिया गया। आसमानी बिजली के धमाके के कारण मसलाना गांव के मेहरचंद, अनिल कुमार, बिंद्रो देवी, रेखा देवी सहित लगभग आधा दर्जन घरों में बिजली की वायरिंग जल गई। घरों में बिजली की वायरिंग जलने से लोगों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। इस दौरान गांव में दो दिन विद्युत आपूर्ति ठप रही। वहीं विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने खराब हुई तारों को ठीक करके बुधवार दोपहर तक विद्युत आपूर्ति सुचारू की।