लठियाणी (ऊना)। निकटवर्ती डडियार गांव में राम सिंह के घर से शातिर पशुशाला के ताले तोड़कर दो बकरियां चोरी करके ले गए। इसके अलावा रछोह और सरोह में मंदिरों के ताले तोड़ कर नकदी भी चुराई गई।
सूत्रों के अनुसार शनिवार को राम सिंह ने पशुशाला में बकरियों को बांधा। इसके बाद पशुशाला को ताला लगाकर कुछ ही दूरी पर स्थित घर में आकर सो गए। अगली सुबह जब राम सिंह पशुशाला से बकरियों को बाहर निकालने के लिए गए तो दोनों बकरियां गायब थीं।
उधर रछोह और सरोह के प्राथमिक स्कूल के ताले भी तोड़े गए। यहां कुछ न मिलने पर शातिरों ने मंदिरों को निशाना बनाया। मंदिर से नकदी और एक गागर चोरी कर ली। पंचायत प्रधान सुनीता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बंगाणा थाना प्रभारी प्रकाश चंद शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।