बंगाणा(ऊना)।
उपमंडल बंगाणा के गांव छपरोह में शातिर चोरों ने एक घर के ताले तोड़ नकदी और कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात में पीड़ित परिवार को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। चोरी की वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। इससे पहले शातिर चोर दो महीने पहले क्षेत्र के निकटवर्ती गांव थानाकलां, बुढवार में चोरियों की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इनका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार छपरोह निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र देवराज ने बताया कि वीरवार सुबह उन्होंने अपने पुराने घर के एक कमरे का ताला टूटा हुआ था। जब अंदर जाकर देखा तो कमरे अलमारी में रखा समान बिखरा पड़ा देखा जिससे उनके होश उड़ गए। इसमें सोने की नत्था, टिक्का, कान की बालियां, टॉप्स, अंगुठियां और छह हजार रुपये की नकदी गायब थी। राजेंद्र ने बताया कि उन्होंने मामले की सूचना फौरन पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बंगाणा पुलिस के एएसआई बलदेव राज ने मौके पर पहुंचकर सारी घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर लगभग एक लाख रुपये के करीब चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना के बारे में लोगों से भी पूछताछ कर रही है।