डिवाइडर से टकराकर स्कूल बस पलटी
पांच विद्यार्थी, एक शिक्षिका घायल
एक की हालत गंभीर, चंडीगढ़ ले गए अभिभावक
रक्कड़ में सड़क हादसा
घायलों को नजदीकी अस्पताल में दिलाया उपचार
घटना के बाद मुख्य चौक पर जाम
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती रक्कड़ कॉलोनी में तेज रफ्तार निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार एक शिक्षक सहित पांच स्कूली विद्यार्थी घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को निकटवर्ती निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया। एक छात्र के पैर में गंभीर चोट के बाद अभिभावक उसे चंडीगढ़ स्थित निजी अस्पताल में ले गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक ट्रैफिक जाम हो गया। क्रेन की मदद से बस को सड़क के किनारे किया गया, जिसके बाद जाम खुला। सोमवार दोपहर छुट्टी के बाद माउंट कॉर्मल स्कूल की बस बच्चों को छोड़ने घर जा रही थी। रक्कड़ कॉलोनी में पहुंचने पर बस एक कार को बचाने के चक्कर में पहले डिवाइडर से टकरा गई, उसके बाद सड़क के बीचोंबीच पलट गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक कार बस के साथ समानांतर चल रही थी, जबकि दूसरी कार अचानक कालोनी से हाईवे में दाखिल हुई। इसी दौरान पीछे चल रही बस कारों को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के पिछले चारों टायर टूट कर अलग हो गए। बस पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार मच गई। इसे सुनते ही लोग वहां इकट्ठा हो गए।
हादसे में बस में सवार पांच बच्चे घायल हो गए। इन्हें स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। गंभीर रूप से घायल रितिक सैणी को चंडीगढ़ के निजी अस्पताल में ले जाया गया है। शिक्षिका स्नेह शर्मा की बाजू में फ्रेक्चर है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक सतपाल रायजादा एवं एएसपी ऊना विनोद कुमार धीमान व आरटीओ ऊना एमएल धीमान भी मौके पर पहुंचे। एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि लापरवाही बरतने पर दोनों कार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।