अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। हरोली में सरकारी राशन की दुकान के बाहर चालव, गेहूं और चीनी की बोरियां लोड करते पुलिस ने टेंपो को पकड़ा। इस संबंध में पुलिस ने टेंपो चालक समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के छापे की सूचना मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हरोली निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि हरोली में सरकारी राशन डिपो के बाहर टेंपो में सरकारी राशन भरा है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस को टेंपो से आठ बोरी गेहूं, तीन बोरी चावल, चार बोरी चीनी मिली। प्रत्येक बोरी में 50-50 किलोग्राम राशन भरा है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी टेंपो चालक योगा, वरिंद्र और हेल्पर रामजी दास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि टेंपो चालक सहित अन्य आरोपी मौके से फरार चल रहे है। एएसपी विनोद धीमान का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।