अमर उजाला ब्यूरो
नंगल। नया नंगल पुलिस ने उपमंडल के खेड़ा कल्मोट गांव के दीपक राणा के खिलाफ एक महिला की शिकायत के आधार पर धारा 420 और 406 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। नया नंगल पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि उपमंडल नंगल के खेड़ा कल्मोट गांव की शकुंतला पत्नी स्व. चुहड़ा राम ने पुलिस के पास ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है।
महिला ने शिकायत में कहा कि उसकी 6 बेटियां और एक बेटा है। वह मानसिक तौर पर बीमार रहता है। उसको नौकरी लगवाने के नाम पर दीपक राणा ने 2013 में 1.50 लाख रुपये यह कहते हुए लिए कि उसे किसी भी सरकारी विभाग में चपरासी या सफाई सेवक लगवा देगा। शकुंतला ने शिकायत में लिखा है कि इस दौरान कई बार दीपक राणा से गुहार लगाई कि वह या तो पैसे वापस करे या उसके बेटे को नौकरी लगावाए, लेकिन हर बार टाल मटोल करता रहा। इसी दौरान तीन वर्ष पहले उसके पति चुहड़ा राम की मौत भी हो गई।
इसके बावजूद न तो दीपक ने पैसे वापस किए और न ही नौकरी दिलवाई। एएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि शकुंतला की शिकायत के आधार पर दीपक राणा के खिलाफ धारा 420 व 406 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।