अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। कोऑपरेटिव सोसाइटियों में घोटाले रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब गगरेट विधानसभा क्षेत्र के तहत नंगल जरियाला की सहकारी सभा में सवा करोड़ के करीब गबन का मामला सामने आया है। इसकी संबंधित विभाग ने गगरेट थाना में एफआईआर दर्ज करवाई है।
सहकारी सभा में पिछले दो सालों से गबन हुआ या नहीं हुआ पर उठापटक जारी रही। मामले अदालत तक भी पहुंचे। इसके बाद अब विभाग ने ऑडिट करवाए जाने के बाद मामला पुलिस के समक्ष लाया है। ऐसा माना जा रहा है सहकारी सभा के रजिस्टर में एंट्री कुछ और कंप्यूटर में एंट्री कुछ ओर की गई है।
उक्त मामला सामने आने के बाद खाता धारकों के पैरों तले जमीन खिसक गई है कि सहकारी सभा में जमा किया पैसा उनको वापिस मिलेगा या नहीं। गौर हो कि सहकारी सभाओं में हर वर्ष ऑडिट किया जाता है। ऐसे में इतना बड़ा घोटला होने से विभाग की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार कोऑपरेटिव सोसायटी के असिस्टेंट रजिस्ट्रार ने नंगल जरियाला सहकारी सभा के ऑडिट में सहकारी सभा के पूर्व सचिव पर एक करोड़ 24 लाख 53 हजार 569 रुपये का केस दर्ज करवाया है।
एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने विभाग की शिकायत के आधार पर आरोपी सहकारी सभा के पूर्व सचिव रणजोत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।