अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। निकटवर्ती अरनियाला गांव में गाड़ी ओवर टेक करने को लेकर वाहन चालकों में झगड़ा हो गया। इससे दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। तीन-चार लोगों ने मिलकर कार चालक को पीट दिया। वारदात युवकों ने चालक पर जमकर लात-घूंसे बरसाए। इससे कार चालक को गंभीर चोटें आई हैं। घायल की पहचान जगन्नाथ निवासी गांव कुरियाला जिला ऊना के रूप में हुई है। घायल को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जगन्नाथ ने सदर पुलिस थाना ऊना में शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार देर ऊना-हमीरपुर रोड पर अमित कुमार जसवाल निवासी गांव सलोह तहसील हरोली और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। इससे उसे चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। डीएसपी अशोक वर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।