अमर उजाला ब्यूरो
दुलैहड़ (ऊना)। क्षेत्र के निकटवर्ती गोंदपुर जयचंद गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया। देखते ही देखते उनमें मारपीट शुरू हो गई। वारदात में दोनों गुटों में जमकर लात-घूंसे, डंडे और दराट चले। इससे तीन लोग बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। एक को हल्की चोट लगी है। मारपीट की वारदात से गांव के लोगों में दहशत हुआ है।
मारपीट में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सदीख खान निवासी गांव गोंदपुर जयचंद तहसील हरोली जिला ऊना ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है कि अमरो, अजरदीन और जीवन ने उसके घर में घुसकर मारपीट की।
सदीख खान और उसके पिता वदर दीन के सिर पर डंडे और उसके बेटे रिंकू दीन को दराट से सिर पर और उसकी बेटी इंदुबाला की अंगुली पर चोटें आई हैं। मारपीट में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए हरोली अस्पताल पहुंचाया गया। एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।