अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। निर्माणाधीन ऊना के नए बस स्टैंड के पास बस में डीजल भरवाने आए बस चालकों में झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान चालक का बचाव कर रहे परिचालक के सिर पर दूसरे चालक ने ईंट उठाकर मार दी।
इससे परिचालक के सिर पर गंभीर चोट लगी है। घायल परिचालक को उपचार के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बस चालकों में मारपीट होते देख बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने परिचालक की शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यशपाल 42 पुत्र सुलाराम निवासी गांव एंखा तहसील सलूणी जिला चंबा ने पुलिस थाना ऊना में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह शिमला-चंबा वाया बद्दी रूट पर जा रहा था। इस दौरान ऊना में बस में डीजल भरवाने के लिए रुके। एचआरटीसी के चालक नरेश कुमार और चालक सतीश कुमार में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान दोनों में मारपीट शुरू हो गई।
दोनों चालकों में मारपीट होते देख बस के परिचालक यशपाल ने जब उन्हें रोका तो आरोपी चालक सतीश कुमार ने परिचालक के सिर पर ईंट मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित परिचालक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट में उसकी टिकट काटने की मशीन और उसके कैश बैग से करीब 5200 रुपये गायब थे। डीएसपी अशोक वर्मा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित परिचालक की शिकायत के आधार केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।