अमर उजाला ब्यूरो
संतोषगढ़ (ऊना)। क्षेत्र के सनोली रोड पर संतोषगढ़ नगर के वार्ड नंबर तीन में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भजन सिंह उर्फ भल्ली के रूप में हुई है। मृतक भजन सिंह संतोषगढ़ नगर के ही वार्ड नंबर तीन का निवासी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार संतोषगढ़ नगर के वार्ड नंबर तीन का भजन सिंह उर्फ भल्ली पिछले पांच दिन से लापता था। भजन सिंह की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर से कुछ ही दूरी पर झाड़ियों में मिली है। पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।