अमर उजाला ब्यूरो
दौलतपुर/अंब। पुलिस थाना अंब के तहत कलरूही में स्थित एक पिकनिक स्पॉट के स्विमिंग पूल में डूबने से 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्ष ठाकुर पुत्र कुलवीर निवासी चलेट दौलतपुर के रूप में हुई है। मृतक जमा दो कक्षा का छात्र था और अपने दोस्तों के साथ पिकनिक स्पॉट में घूमने के लिए आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को हर्ष अपने अन्य दोस्तों के साथ कलरूही स्थित उक्त स्विमिंग पूल में नहाने गया था। इसी दौरान पानी में अठखेलियां करते समय वह डूब गया। उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने फौरन उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां हर्ष को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं मृतक के दादा सुरेंद्र सिंह ने पुलिस में शिकायत करते हुए पिकनिक स्पॉट प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। आरोप लगाया कि यदि समय रहते उसे स्वीमिंग पूल से निकाल पाते तो शायद उनका लाडला बच सकता था। डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ भादंसं की धारा 304 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है।