ऊना। रायपुर सहोड़ां के सुमित की बहुचर्चित संदिग्ध मौत मामले में जिला पुलिस ने पुख्ता सूचना देने वाले को 50 हजार का इनाम देने का ऐलान किया है। इसके लिए पुलिस ने 7018995901 तथा 7018995902 दूरभाष नंबर जारी किए हैं।
पुलिस ने सोमवार को डॉग स्कॉयड के माध्यम से घटनास्थल की जांच की। पुलिस की टीमें दिन भर जांच में जुटी रहीं। लेकिन पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा। गौरतलब है कि सुमित के लापता होने के बाद उसकी लाश को मिले आज 10 दिन बीत चुके हैं। लेकिन पुलिस को इस मामले में कोई भी लीड हाथ नहीं लगी है। अब आखिर पुलिस ने इस मामले की जांच में लोगों की मदद लेने की योजना बनाई है। इसके लिए इनाम की घोषणा की गई है। सोमवार को भी मामले के जांच अधिकारी एएसपी विनोद धीमान की अगुवाई में पुलिस टीमों ने कोटला कलां और कोटला खुर्द पहुंच लोगों से बातचीत की और ट्रैकर डॉग के माध्यम से तथ्यों की जांच की। हालांकि शव मिलने के 10 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक पुलिस सुमित की मौत के रहस्य से पर्दा नहीं उठा पाई है।
24 सितंबर को सुमित की गायब होने के बाद उसकी बाइक, मोबाइल और चप्पल कोटला कलां में मिली थी, जबकि 12 अक्तूबर को एक पेड़ पर लटका सुमित का शव मिला था। इसके बाद से मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। बंगाणा से लेकर कोटला कलां और कोटला कलां से लेकर मैहतपुर-रायपुर तक सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा चुकी है। लेकिन कोई सुराग कहीं से मिल सके। एएसपी विनोद कुमार धीमान ने बताया कि सोमवार को भी कोटला कलां के ग्रामीणों से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि इसी सप्ताह के अंत तक पोस्टर्माटम रिपोर्ट आ जाएगी।