दो सड़क हादसों में चार लोग गंभीर घायल
धर्मपुर और घालूवाल पुल के पास हादसे, घायलों को पहुंचाया अस्पताल
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
जिला में दो अलग-अलग जगहों पर पेश सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पहला हादसा क्षेत्र के घालूवाल-ऊना मुख्य मार्ग पर स्वां नदी पर बने पुल के पास पेश आया। इसमें एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटर सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटर सवार व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में घायल हुए व्यक्ति को लोगों की सहायता से ऊना अस्पताल पहुंचाया। वहीं इस मामले की सूचना मिलते ही ऊना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सदर ऊना में जसमेर सिंह निवासी गांव सलोह तहसील हरोली जिला ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने साथी के साथ स्कूटर पर सवार होकर ऊना जा रहा था। इस दौरान घालूवाल-ऊना मुख्य मार्ग पर स्वां नदी पर बने पुल के पास एक तेज रफ्तार बस ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटर सवार जसमेर सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। घायल जसमेर सिंह को उपचार के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी बस चालक राज साहनी निवासी गांव सलोह जिला ऊना के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके अलावा हरोली उपमंडल के धर्मपुर में पेश आए दूसरे सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने सड़क पर पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। इस हादसे में राहगीर व्यक्ति सहित बाइक सवार दो युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों की पहचान रामपाल निवासी कांगड़ बढेड़ा तहसील हरोली, ऊना और बाइक सवार मंजीत सिंह निवासी धर्मपुर ऊना, विकास ठाकुर निवासी बरोटी तहसील बड़सर हमीरपुर के रूप में हुई है। घायलों को हरोली अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद ऊना रेफर कर दिया है।
एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले पर कार्रवाई शुरू कर दी है।