अमर उजाला ब्यूरो
गगरेट(ऊना)।
पुलिस थाना गगरेट के तहत मवा सिंधियां में एक सड़क हादसे में एक सैनिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान साहिल (20) पुत्र सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुरेंद्र सिंह सेना में बतौर सैनिक अपनी सेवाएं दे रहा था और छुट्टी बिताने के लिए घर आया हुआ था। जानकारी के अनुसार मवा सिंधिया निवासी साहिल अपने दोस्त के साथ बाइक पर जा रहा था।
मवा सिंधियां में एक सांड के साथ बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवक साहिल और दीपक घायल हो गए। लहूलुहान हालत में दोनों को उपचार के लिए गगरेट अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने साहिल को गंभीर हालत में ऊना रेफर कर दिया। परिजन साहिल को होशियारपुर स्थित अस्पताल में लेकर गए जहां उपचार के दौरान पीड़ित ने दम तोड़ दिया। वहीं दीपक का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। सैनिक की मौत से क्षेत्र में मातम का माहौल है। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सैनिक की मौत पर जताया शोक
सड़क हादसे में सैनिक साहिल की मौत पर नवनिर्वाचित विधायक राजेश ठाकुर, चिंतपूर्णी के नवनिर्वाचित विधायक बलवीर सिंह, सुशील कालिया, विकास, अतुल शर्मा, पुष्पेंद्र, विजय चौधरी, रघुवंत ठाकुर, संसार चंद ने गहरा शोक व्यक्त किया है।